BIG NEWS TODAY : कीर्तिनगर (टिहरी जनपद)। भाजपा ने कीर्तिनगर में पंचायत अध्यक्ष पद पर चौथी बार जीत हासिल की है। इससे पहले 2008 में विजयराम गोदियाल, 2013 में कल्पना कठैत, 2018 में कैलाशी देवी जाखी अध्यक्ष पद पर काबिज हुई थी। इस बार के निकाय चुनाव में कीर्तिनगर में तीन वार्ड में भाजपा और एक वार्ड में निर्दलीय विजयी रहे। कीर्तिनगर से वार्ड नम्बर 1 से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी मनमोहन सिंह रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी केशर चंद को 39 मतों से पराजित किया। मनमोहन सिंह रावत को 137 मत प्राप्त हुए। वार्ड नम्बर दो से भाजपा कि दीपा देवी ने 57 मतों से जीत हासिल कर निर्दलीय प्रत्याशी रजनी देवी को मात दी।
नगर पंचायत कीर्तिनगर में अध्यक्ष पद पर भाजपा प्रत्याशी डा. राकेश मोहन मैठाणी बंपर वोटों से विजय हासिल की। मैठाणी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल नौटियाल को 795 मतों से पराजित किया। डा. मैठाणी को कुल 1659 मतों में से 1202 मत मिले। कीर्तिनगर में अध्यक्ष पद के लिए 2 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। जबकि सभासद पद के लिए 15 प्रत्याशियों ने अपना भाग्य अजमाया।
वार्ड नम्बर तीन से भाजपा के कुलदीप रावत ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मेहरबान सिंह को 60 मतों से पराजित किया। वार्ड नम्बर 4 से निर्दलीय प्रत्याशी सविता देवी ने 95 मतों से अपने प्रतिद्वंद्वी जंयती को पराजित किया। शनिवार सुबह कीर्तिनगर की मतगणना जीआईसी कीर्तिनगर में संपन्न हुई। सुबह आठ बजे से मतपेटियों का खुलना शुरू हुआ। पहले वार्ड सदस्यों के नतीजे खुले और फिर अध्यक्ष पद पद के। लगभग डेढ़ बजे तक सभी नतीजे निकल गए थे।
जिसके चलते प्रत्याशियों के स्वागत के बाद समर्थक गंतव्य को चले गए। कीर्तिनगर निकाय चुनाव की रिटर्निंग आफिसर सुमनलता रावत ने बताया कि कीर्तिनगर में कुल 1659 की वोटिंग हुई। जिसमें 13 नोटा और 37 वोट रद्द मिले। बताया कि मतगणना शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न हुई। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत हासिल कर जश्न मनाया। मौके पर विधायक विनोद कंडारी, निवर्तमान अध्यक्ष कैलाशी जाखी, प्रभारी गोविंद सिंह रावत, विजयराम गोदियाल, जिला मंत्री नरेंद्र कुंवर, परमेंद्र पंवार, रणजीत सिंह जाखी, विकास दुमागा, प्रियंका भट्ट, सविता शाह, नरेंद्र भंडारी, सरिता पुंडीर व प्रवीण रौथाण सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद थे।