Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से, तैयारियां अंतिम चरण में : जिलाधिकारी

Dehradun Uttarakhand






रिकॉर्ड संख्या में हुआ पंजीकरण, मजबूत व्यवस्थाएं
रुद्रप्रयाग। आगामी केदारनाथ धाम यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ होने जा रही है। इस महत्वपूर्ण यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसी क्रम में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने आज पत्रकारों के साथ संवाद करते हुए यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की। जिलाधिकारी ने कहा कि केदारनाथ धाम यात्रा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों की टीमें लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटी हैं और हर छोटी-बड़ी व्यवस्था की बारीकी से निगरानी की जा रही है। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक कुल 4 लाख 73 हजार 168 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम यात्रा के लिए पंजीकरण कराया है, जो पिछले वर्षों की तुलना में श्रद्धालुओं के बढ़ते उत्साह को दर्शाता है। यात्रियों की सुविधा के लिए सोनप्रयाग में पंजीकरण केंद्र को पूरी तरह तैयार कर लिया गया है, जहां सुचारु एवं व्यवस्थित ढंग से पंजीकरण की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। स्वच्छता को लेकर प्रशासन विशेष रूप से गंभीर है। जिलाधिकारी ने बताया कि यात्रा मार्ग पर निरंतर साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। सुलभ संस्था के 245 पर्यावरण मित्रों को तैनात किया गया है, जबकि नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के 200 से अधिक पर्यावरण मित्र भी इस कार्य में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।

कूड़ा प्रबंधन, शौचालय व्यवस्था और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। आवास व्यवस्था के संबंध में जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में लगभग 50 प्रतिशत होटल बुक हो चुके हैं और शेष व्यवस्थाओं को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। हेली सेवाओं की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गुप्तकाशी एवं शेरसी से 2-2 तथा फाटा से 4 हेली सेवाएं संचालित की जाएंगी। इन सेवाओं के लिए 11 अप्रैल को दोपहर 12 बजे से पंजीकरण प्रारंभ किया जाएगा। हेली सेवाओं के संचालन को पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।


सड़क एवं यातायात व्यवस्था पर प्रकाश डालते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिरोहबगड़ से गौरीकुंड के मध्य विभिन्न स्थानों पर निर्माण एवं मरम्मत कार्य तेजी से जारी है। संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक कार्य पूर्ण कर लिए जाएं।


पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने जानकरी देते हुए बताया कि यात्रा के दृष्टिगत 3 सुपर जोन, 17 जोन एवं 47 सेक्टर बनाए गए हैं। इसी प्रकार से ट्रैफिक व्यवस्था के लिए भी सुपर जोन, जोन एवं सेक्टर बनाए गए हैं। भीड़ वाले क्षेत्रों में मोबाइल पेट्रोलिंग यूनिट लगातार गश्त करेंगी। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग पर स्थाई एवं अस्थाई पार्किंग स्थलों की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे यातायात को नियंत्रित करने में आसानी होगी। शटल सेवाओं, बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है, ताकि यात्रियों को जाम जैसी समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि बाहरी लोगों के सत्यापन के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर अवैध शराब की तस्करी रोकने के लिए विभिन्न टीम गठित कर सख्त पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हेलीकॉप्टर यात्रा बुकिंग के नाम पर होने वाली साइबर ठगी एवं अपराध को रोकने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं और इस यात्रा सीजन में अभी तक 300 से अधिक विभिन्न फ़र्ज़ी पेज/पोर्टल प्रतिबंधित कराए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं, आपदा प्रबंधन, पेयजल, विद्युत आपूर्ति और संचार व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर मेडिकल टीमों की तैनाती की जा रही है और आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ सहित अन्य टीमें अलर्ट मोड पर रखी गई हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा को पहले से अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-हितैषी बनाना है। इसके लिए सभी स्तरों पर सतत निगरानी और समन्वय बनाए रखा जा रहा है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे यात्रा के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, पंजीकरण अनिवार्य रूप से कराएं और यात्रा को सफल बनाने में सहयोग करें।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *