Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

पूर्व सीएम हरीश रावत ने सरकार की घस्यारी योजना पर उठाए सवाल, कांग्रेस की सरकार बनी तो वे बेटियों के हाथ दराती नहीं एंड्रायड फोन देंगे

Dehradun Uttarakhand


पिथौरागढ़, देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे। विजय सम्मान समारोह के शुभारंभ पर पिथौरागढ़ पहुंचे पूर्व सीएम हरीश रावत ने सरकार की घस्यारी योजना पर सवाल उठाए। उन्होंने भाजपा सरकार की घस्यारी योजना पर कटाक्ष करते हुए कहा उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनी तो वे बेटियों के हाथ दराती नहीं एंड्रायड फोन देंगे। ताकि वे स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। साथ ही, उन्होंने भाजपा के 24 हजार पदों के बदले बेरोजगारों को एक साल के भीतर ही 28 हजार पदों पर नियुक्ति की बात कही।
रविवार को किसानों के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सीएम ने कई वादे किए। अपनी घोषणाओं से उन्होंने बेरोजगारों से लेकर महिलाओं और बुजुर्ग मतदाताओं को साधने का प्रयास किया। रावत ने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार की वापसी होते ही सरकारी विभागों में सभी रिक्त पदों को तत्काल भरा जाएगा। नौकरी मिलने तक 5 हजार प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता भी मिलेगा। बढ़ती महंगाई से परेशान महिलाओं को रसोई गैस में सब्सिडी दी जाएगी। उनकी सरकार पहाड़ी उत्पादों को लंदन और वाशिंगटन में पहचान दिलाकर उत्तराखंड को उत्पादक प्रदेश बनाएगी। इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश में भाजपा सरकार हर मोर्चे में विफल रही है। भाजपा सिर्फ मुख्यमंत्री बदलती रही, जबकि जमीन पर कोई भी काम नहीं हुआ।