आपदा प्रबंधन में सरकार विफल, कॉंग्रेस प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने लगाया आरोप

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


BIG NEWS TODAY : पूरा प्रदेश आज आपदा ग्रस्त है इस बार मानसून का भयावह रूप सबने देखा, उत्तरकाशी धराली से चमोली के थराली तक पौड़ी, श्रीनगर, रुद्रप्रयाग हर जगह तबाही का मंजर है। मुख्यमंत्री के पास चालीस से ज़्यादा विभाग हैं, जिसमे सबसे महत्वपूर्ण आपदा प्रबंधन है I जिसके लिए एक पूर्णकालीन व्यक्ति चाहिए जो आपदा प्रबंधन को ठीक से देख सके I ये कहना है काँग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह का I

प्रतिमा सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री तो धराली आपदा के वक्त जिला पंचायत सदस्यों की खरीद फरोख्त उनके अपहरण में व्यस्त थे I एक महीना होने वाला है अभी तक राहत बचाव कार्य पूर्ण नहीं हुआ I कई लोग अपनों को ढूँढ रहे हैं, लेकिन सरकार कांग्रेस के घर में ताक-झाक करने में व्यस्त है I शुक्रवार को पहले रुद्रप्रयाग में बादल फटा, भयावह मंजर सबने देखा पर मुख्यमंत्री परेड ग्राउंड में मंत्री रेखा आर्य के साथ खेल विभाग के कार्यक्रम में शामिल हो रहे थे I

प्रतिमा सिंह ने कहा कि विस्थापन की कोई नीति नहीं है, मुआवज़े के नाम पर सरकार आम जन का मज़ाक उड़ा रही हैI लोगो ने अपनों को खोया, घर-बार व्यवसाय सब खत्म हो गया और सरकार मुआवज़े के नाम पर जले पर नमक छिड़कने का काम कर रही है। डबल इंजन की सरकार होते हुए भी अब तक केंद्र से कोई भी स्पेशल पैकेज नहीं मिला हैI

प्रतिमा सिंह ने एक बयान जारी करके कहा है कि मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक केंद्र सरकार पहले निरीक्षण करेगी फिर तय करेगी कि क्या देना हैI ये बड़े शर्म की बात है कि उन्हें अपने मुख्यमंत्री और सरकार पर ही भरोसा नहीं है I धामी जी को केंद्र से अनुरोध करना चाहिए की उत्तराखंड को आपदाग्रस्त प्रदेश घोषित कर दिया जाये और आपदा ग्रस्त प्रदेश को जो भी सुविधाएं मदद दी जाती है वो दी जाए I लेकिन सरकार खामोश है, तमाशा देख रही है I

कॉंग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि प्रदेश को आपदा में पच्चीस सौ करोड़ का नुकसान हुआ है, अगर केंद्र ने मदद नहीं की तो हम इस नुकसान से कैसे उबर पाएंगे I वैसे भी भाजपा सरकार में प्रदेश के हर एक व्यक्ति का रोयाँ रोयाँ कर्ज में डूबा है। अगर पैकेज नहीं मिला तो जनता समझ जाएगी की डबल इंजन महज़ एक छलावा है।