Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

पिटाई प्रकरण: कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल पर हुआ मुकदमा दर्ज, पहली बार किसी मंत्री पर ऐसा मुकदमा

Dehradun Delhi Uttarakhand


देहरादून/ऋषिकेश (Big News Today) ऋषिकेश में मंगलवार को सार्वजनिक तौर पर सड़क पर हुई मारपीट के मामले में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और उनके सुरक्षाकर्मी सहित समर्थक व अन्य के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में पुलिस ने कई धाराएं लगाई हैं। फिलहाल पुलिस घटनाक्रम से संबंधित साक्षी को जुटाने में लगी हुई है।

ऋषिकेश कोतवाली पुलिस के मुताबिक शिवाजी नगर निवासी व्यक्ति सुरेंद्र सिंह नेगी ने तहरीर देकर बताया कि मंगलवार को वो अपने साथी धर्मवीर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर एम्स चौकी के लिए निकले थे। शहर में नेशनल हाईवे पर कालघाटी के पास बाइक रोककर वे आपस में बातचीत करने लगे। आरोप है कि बगल में ही खड़े सरकारी वाहन का शीशा उतारकर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने अपशब्द कहे और गाड़ी से उतरकर पिटाई की। मंत्री और कौशल बिजलवाण के साथ सुरक्षा कर्मियों व अन्य ने सड़क पर घसीट कर पीटा और गायब करने की धमकी भी दी। सुरेंद्र नेगी ने शिकायत में जान माल का खतरा भी बताया।

पुलिस प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पांडे ने बताया कि मामले में कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कौशल बिजलवान और उनके सुरक्षाकर्मी व अन्य पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है आरोपियों पर आईपीसी की धारा 147, 323 और 504 के तहत कार्रवाई की गई है।

गौरतलब है कि मंगलवार को हुई इस मारपिटाई का वीडियो वायरल होने पर हंगामा मच गया, जिसमें मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और उनके गनर दो व्यक्ति को सड़क पर पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस मामले में कैबिनेट मंत्री के गनर की तहरीर पर मगलवार की देर रात को ही आरोपी व्यक्ति सुरेंद्र सिंह नेगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया था। जिसमें कहा गया था कि मंत्री के सड़क पर गाड़ी रुकने पर आरोपी सुरेंद्र सिंह नेगी ने मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से अभद्रता की, उनका कुर्ता फाड़ा और गार्ड की वर्दी भी फाड़ी थी।

घटना को सीएम पुष्कर धामी ने लिया गंभीरता से

पूरे घटनाक्रम का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेकर डीजीपी को सारे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। साथ ही कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल से भी तलब करके जानकारी ली है। वीडिओ में जिस प्रकार से मंत्री खुद सड़क पर उतरकर व्यक्ति की पिटाई कर रहे हैं उसको मंत्री पद की गरिमा के विपरीत बताया जा रहा है, इसको लेकर सोशल मीडिया में भी मंत्री के आचरण की आलोचना हो रही है। साथ ही विपक्ष भी इस मामले में हमलावर हो रहा है।