Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राज्य सरकार 16वें वित्त आयोग के सामने रखेगी पांच वर्ष की योजनाओं का प्लान, करीब एक लाख करोड़ की होगी जरुरत

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


देहरादून। राज्य सरकार अपने आगामी पांच वर्षीय विकास योजनाओं के प्लान को केंद्रीय वित्त आयोग के सामने रखने जा रही है। राज्य की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने राज्य की विकास योजनाओं के लिए वित्त की जरुरतों को देखते हुए अपना वित्त प्लान तैयार किया है। जिसको लेकर कल सोमवार को सचिवालय में अहम बैठक होने जा रही है।

16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में आयोग के अधिकारियों की टीम देहरादून पहुंच गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड दौरे पर आए 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व में आयोग के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत एवं अभिनन्दन किया ।

वित्त आयोग की टीम का रविवार को देहरादून पहुंचने पर पारंपरिक ढोल दमाऊ की थाप पर स्वागत किया गया । इससे पहले दिन में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने अध्यक्ष वित्त आयोग और सदस्यों का जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री आवास पर पहुंचे 16वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉ. अरविंद पनगढ़िया के नेतृत्व वाली इस टीम में आयोग सदस्य एनी जॉर्ज मैथ्यू, मनोज पांडा, सौम्या कांती घोष आयोग के सचिव ऋत्विक पांडेय, संयुक्त सचिव केके मिश्रा, संयुक्त निदेशक पी अमरूथावर्षिनी उपस्थित थे। 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को सचिवालय में होने वाली बैठक में राज्य सरकार वित्त आयोग के समक्ष अपने प्रस्ताव रखेगी। आयोग की टीम सोमवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक करेगी। इसके बाद आयोग मसूरी रोड स्थित होटल में नगर निकाय, त्रिस्तरीय पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ साथ राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ भी बैठक करेगी।

टीम कल (आज) कई स्तरों पर राज्य के जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से विचार विमर्श करेगी।  मुख्यमंत्री आवास पर आयोग के पहुंचने के अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव वित्त दिलीप जावलकर सहित वित्त विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।