
देहरादून

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर उनके जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन करने पहुंचे वरिष्ठ नेता और पर्व मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी से बहुत कुछ सीखने को मिलता है। इंदिरा जी ने त्याग और बलिदान की मिसाल कायम की है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और मंत्री यशपाल आर्य ने युवा कांग्रेस के इस प्रयास की भी सराहना की।
कांग्रेस भवन में यूथ कोंग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी के जीवन पर आधारित फोटो प्रदर्शनी लगाई थी। जिसमें इंदिरा गांधी के बचपन से लेकर उनके प्रधानमंत्री बनने तक महत्वपूर्ण चित्रों और उनके संदर्भों का उल्लेख करते हुए प्रदर्शन किया गया था। करीब हफ्तेभर लगी प्रदर्शनी में पूर्व सीएम हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह सहित प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव और सहप्रभारी सहित कांग्रेस के तमाम नेताओंऔर कार्यकर्ताओं ने अवलोकन किया।
इस प्रदर्शनी में लगाए गए चित्रों और उनके संदर्भों से पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जीवन और राजनीतिक जीवन के कई महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी भी मिलती है। पोखरण में परमाणु परीक्षण, अंतरराष्ट्रीय सम्बन्ध , इंदिरा का बचपन, हरिद्वार दौरा सहित कई मौकों और घटनाक्रमों को इसमें दर्शाया गया था। बंग्लादेश की आज़ादी जैसी बड़ी उपलब्धियों की परिस्थितियां और उनके कारण की जानकारी और भारत को हुए लाभ को भी इस प्रदर्शनी में दर्शाया गया था। सभी फोटो और चित्रों के संदर्भ के बारे में जानकारी लिखी हुई थी।