Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

जिलाधिकारी ने किया वन स्टॉप सेंटर का स्थलीय निरीक्षण

Uttarakhand


पिथोरागढ। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विकासखंड विण स्थित वन स्टॉप सेंटर का आज जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई द्वारा स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, व्यवस्थाओं एवं पीड़ित महिलाओं को प्रदान की जाने वाली सेवाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने केंद्र में स्थापित C-DAC द्वारा संचालित 181 महिला हेल्पलाइन कॉल सेंटर की कार्यप्रणाली की जानकारी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्राप्त की। उन्होंने कॉल सेंटर में प्राप्त शिकायतों की प्रकृति, पंजीकरण प्रक्रिया, त्वरित कार्रवाई एवं निस्तारण की स्थिति की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि 181 हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता, गोपनीयता एवं समयबद्धता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि वन स्टॉप सेंटर महिलाओं को आपातकालीन सहायता, कानूनी परामर्श, चिकित्सा सुविधा, मनोवैज्ञानिक काउंसलिंग तथा अस्थायी आश्रय जैसी समेकित सेवाएं प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। अतः केंद्र की कार्यप्रणाली में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा पीड़ित महिलाओं को त्वरित राहत उपलब्ध कराई जाए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड पंजिकाओं, शिकायत रजिस्टर, आगंतुक पंजिका, काउंसलिंग विवरण सहित अन्य अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित एवं अद्यतन रखे जाएं। साथ ही केंद्र में स्वच्छता, सुरक्षा एवं गोपनीय वातावरण बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।इस अवसर पर सीडीपीओ मूनाकोट ज्योति महर सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।