Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राजधानी की कानून व्यवस्था पर कॉंग्रेस ने उठाया सवाल, लालचंद शर्मा ने सौंपा ज्ञापन

Dehradun Uttarakhand






BIG NEWS TODAY

देहरादून। देहरादून महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून से मुलाकात कर राजधानी की बिगड़ती कानून व्यवस्था को सुधारने की मांग उठाई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में लालचन्द शर्मा ने कहा कि देहरादून, जो उत्तराखंड का प्रशासनिक, राजनीतिक एवं आर्थिक केंद्र है, आज गंभीर आपराधिक घटनाओं के कारण असुरक्षा के माहौल से गुजर रहा है। राजपुर थाना क्षेत्र में रिटायर्ड ब्रिगेडियर की दिनदहाड़े हत्या, रायपुर थाना क्षेत्र में पी.आर.डी. जवान की हवालात में संदिग्ध मृत्यु तथा नारी निकेतन में महिला संवासिनी की आत्महत्या जैसी घटनाओं ने कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। इन घटनाओं से आमजन में भय और असुरक्षा का वातावरण व्याप्त हो गया है तथा अपराधियों के मन से कानून का भय समाप्त होता दिखाई दे रहा है।

लालचन्द शर्मा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से निम्न मांगों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने का अनुरोध किया—
• शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त (पेट्रोलिंग) को बढ़ाया जाए, विशेषकर सुबह और देर रात के समय।
• काले शीशे (ब्लैक फिल्म) लगी गाड़ियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्त चेकिंग की जाए।
• देहरादून में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों की बॉर्डर पर सघन जांच सुनिश्चित की जाए।
• प्रमुख चौराहों, सुनसान मार्गों एवं संवेदनशील स्थानों पर CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाई जाए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।
• बाहरी राज्यों के नंबर प्लेट वाली गाड़ियों की विशेष जांच की जाए।
• पुलिस हिरासत में होने वाली घटनाओं की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए।
• नारी निकेतन एवं अन्य संवेदनशील संस्थानों में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किया जाए।
• ओवरटेक या रोड रेज जैसी घटनाओं को रोकने हेतु ट्रैफिक नियमों का सख्ती से पालन करवाया जाए और जागरूकता अभियान चलाया जाए।
• अपराधियों पर त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि कानून का भय बना रहे।

इस अवसर पर पूर्व विधायक राजकुमार ने भी देहरादून की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शहर में बढ़ता यातायात दबाव, अव्यवस्थित पार्किंग और नियमों की अनदेखी के कारण आए दिन जाम की स्थिति बन रही है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करने के लिए प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती बढ़ाई जाए, स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम लागू किया जाए तथा अतिक्रमण के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। अतः उपरोक्त बिंदुओं पर शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई कर शहर में कानून व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ किया जाए।

इस मौके पर पार्षद प्रमोद गुप्ता, पार्षद वीरेंद्र बिष्ट, हिमांशु बिष्ट, मनोज सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *