Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

चीला रेंज में वाहन दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने जताया शोक

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: राजाजी टाइगर रिजर्व पार्क की चीला रेज में इंटरसेप्टर वाहन के दुर्घटनाग्रस्त होने से पार्क प्रशासन के दो अधिकारियों सहित चार लोगों की मौत हो गई। जबकि पार्क की वन्य जीव प्रतिपालक चीला नहर में गिर कर लापता हो गई है। वहीं घटना में पांच अन्य लोग घायल हैं। जिनको उपचार के लिए एम्स में भर्ती किया गया है। मरने वालों में पीएमओ में तैनात एक वरिष्ठ अफसर के भाई भी शामिल हैं।

राजाजी टाइगर रिजर्व में कार दुर्घटना के बाद जिला प्रशासन की ओर से चीला शक्ति नहर को बंद करा दिया गया है। चीला शक्ति नहर में राजाजी टाइगर रिजर्व की वन्यजीव प्रतिपालक आलोकी के गिरने के बाद एसडीआरएफ की ओर से शक्ति नहर में सर्च अभियान चलाया जा रहा था। रात करीब 7:45 बजे प्रशासन की ओर से शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है। पशुलोक बैराज कंट्रोल रूम से बताया गया कि शक्ति नहर को बंद कर दिया गया है, अग्रिम आदेशों तक नहर बंद रहेगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को ऋषिकेश के चीला रेंज में हुई वाहन दुर्घटना में वन विभाग के  कार्मिकों की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वाहन दुर्घटना में मारे गये कार्मिकों की आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवारजनों को धैर्य प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की। साथ ही उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।