Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

यात्रा में उमड़ी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री ने लिया बड़ा निर्णय, सचिव स्तर के 3 अफसरों को सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: चारधाम यात्रा में उमड़ी भीड़ को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा निर्णय लिया है. जिसके तहत सचिव स्तर के 3 अधिकारियों को चारधाम यात्रा क्षेत्र वाले तीनों जिलों की जिम्मेदारी सौंपी है. ताकि, उत्तराखंड में सुगम, सुरक्षित, सुलभ और सुव्यवस्थित तरीके से चारधाम यात्रा संचालित हो सके.

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्य सचिव राधा रतूड़ी से चारधाम यात्रा से जुड़ी तमाम विषयों को लेकर बातचीत की थी. साथ ही चारों धामों के लिए सचिव स्तर के 3 अधिकारियों के नियुक्ति के निर्देश दिए थे. इसके बाद मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने स्वास्थ्य सचिव आर राजेश कुमार को रुद्रप्रयाग जिला, एसएन पांडे को चमोली जिला और आपदा सचिव रंजीत कुमार सिन्हा को उत्तरकाशी जिले की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

तीनों अधिकारी अपने अपने जिलों में यात्रा व्यवस्थाओं की मॉनिटरिंग करेंगे. साथ ही ये तीनों अधिकारी जिलों के जिलाधिकारी से फीडबैक लेकर शासन स्तर पर सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से चारधाम यात्रा संपन्न कराने की दिशा में काम करेंगे. उत्तराखंड में चारधाम यात्रा संचालन में किसी भी तरह की अव्यवस्था ना हो, इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार अधिकारियों को जरूरी दिशा निर्देश दे रहे हैं.

वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश में सुगम, सुरक्षित, सुलभ और सुव्यवस्थित चारधाम यात्रा कराना सरकार की पहली प्राथमिकता है. साथ ही राज्य सरकार का प्रयास है कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े.