विधानसभा बजट सत्र: राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र की शुरुआत

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: विधानसभा का बजट सत्र का आज पहला दिन है। सदन में राज्यपाल के अभिभाषण के साथ सत्र की शुरुआत हुई। राज्यपाल के अभिभाषण में सरकार के वर्ष 2025 तक उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ व सशक्त राज्य बनाने का रोडमैप दिखा। विधानसभा का बजट सत्र आज 26 फरवरी से एक मार्च तक चलेगा। साेमवार को सुबह 11 बजे से विस का बजट सत्र शुरू हुआ। इसके बाद राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) का अभिभाषण शुरू हुआ।

राज्यपाल ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित उत्तराखंड परिकल्पना नहीं विश्वास है। प्रदेश की तरक्की में अहम योगदान देने वालों का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि विगत वित्तीय वर्ष 2023-24 में कई उपलब्धि हासिल हुई है। हमारा प्रदेश सर्वश्रेष्ठ राज्यों की श्रेणी में खड़ा होगा। भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने की कड़ी में सशक्त उत्तराखंड @ 2025 से कई आयाम हासिल किए गए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र में प्रतिभाग किया। सदन की कार्यवाही प्रारंभ होने से पूर्व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खंडूरी से उनके कक्ष में शिष्टाचार भेंट की।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड विधानसभा सत्र में प्रतिभाग करने से पूर्व विधानसभा स्थित कक्ष में नेता प्रतिपक्ष श्री यशपाल आर्य से भेंट की।