BIG NEWS TODAY : चकराता (देहरादून): पहले बेटियां घर के चूल्हा-चौका तक सीमित थी, लेकिन अब घर परिवार सहित पूरे इलाके का नाम रोशन कर रही हैं I जनजातीय क्षेत्र जौनसार बावर के खत रंगेऊ से जुड़े बिरपा गांव निवासी पहाड़ की प्रतिभावान बेटी निहारिका का चयन बैंकिंग सेवा में प्रोबेशनरी आफिसर स्केल-वन के पद पर हुआ है। बेटी की उपलब्धि पर स्वजन व स्थानीय लोगों ने खुशी जताई। जनजाति समुदाय में प्रचलित संयुक्त परिवार के मुखिया दौलत दास वर्मा ने कहा आज के दौर में बेटियां परिवार का नाम रोशन कर रही है।
पहाड़ के ग्रामीण इलाकों से निकली कई प्रतिभाएं अपने कौशल विकास से सपनों की मंजिल पा रही है। जौनसार के ग्राम बिरपा निवासी जनजाति समुदाय के संयुक्त परिवार की परंपरा से जुड़े नैन सिंह सेना में विज्ञानिक अधिकारी के पद पर जम्मू कश्मीर में तैनात है। नैन सिंह व गृहणी दुर्गा देवी की दो संतान में निहारिका छोटी पुत्री है। जिसकी पढ़ाई लिखाई चकराता, विकासनगर व दिल्ली में हुई।
बचपन से बैंकिंग सेवा में जाने का सपना देख रही निहारिका का चयन बैंक आफ बड़ौदा में प्रोबेशनरी आफिसर स्केल-वन के पद पर हुआ है। इंस्टिट्यूट आफ बैंकिंग पर्साेनेल सिलेक्शन ( आईबीपीएस) की बैंकिंग परीक्षा में अच्छे प्रदर्शन के चलते होनहार बेटी का चयन बैंक आफ बड़ौदा और ग्रामीण बैंक मध्य प्रदेश में दो जगह एक साथ हुआ। जिसमें उसने एक विकल्प चुना।
बैंकिंग सेवा में अधिकारी बनी बेटी के चयन से उत्साहित उसके बड़े पिता एवं ताऊ सेवानिवृत्त तहसीलदार दौलत दास वर्मा ने कहा पहले बेटियां घर के चूल्हे चैके तक सीमित थी। बदलते सामाजिक परिवेश में बेटियां हर क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन कर परिवार एवं इलाके का नाम रोशन कर रही है। बेटी की इस कामयाबी पर स्वजन खुशी मना रहे हैं।


