मुख्यमंत्री ने काशीपुर में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का किया अनावरण

Dehradun Uttarakhand


काशीपुर/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को रामपुरम, बाजपुर रोड, काशीपुर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न, स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती (सुशासन दिवस) के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण एवं पार्क का लोकार्पण किया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारत रत्न स्व. अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि संपूर्ण देश आज ’’सुशासन दिवस’’ मना रहा है। यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि आज स्व. अटल जी की प्रतिमा का अनावरण काशीपुर की इस पुण्य भूमि में किया जा रहा है।  कवि, वक्ता, प्रधानमंत्री एवं एक सरल व्यक्ति के रूप में अटल जी का संपूर्ण जीवन, राजनीतिक या सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाले मेरे जैसे अनगिनत लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अटल जी द्वारा दिखाए गए संकल्प पथ पर चल कर ही हम अपने सपनों का भारत बना सकते हैं। भारत के आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी दूरगामी सोच वाली परियोजना, परमाणु परीक्षण जैसे साहसी कदम अटल जी के नेतृत्व में इस देश ने देखी। अटल जी ने ही देश के विकास के लिए अलग लकीर खींचने का काम किया। शिक्षा, संचार तथा साफ्टवेयर तकनीक के क्षेत्र में अटल जी ने भारत का लोहा विश्व में मनवाया। सुशासन, सामाजिक सशक्तिकरण अटल जी का जीवन दर्शन था। उन्होंने अपने प्रधानमंत्री काल में अनेकों ऐतिहासिक कार्य करते हुए समस्त देशवासियों को अपने सामर्थ्य से परिचित कराया।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि अटल जी अन्त्योदय के दर्शन को कार्यरूप देने में विश्वास रखते थे। वे हमेशा समाज के गरीब और वंचित वर्ग के लिए चिंतित व सक्रिय रहते थे। उन्होंने राष्ट्र धर्म को हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर रखा, समानता और सामाजिक समरसता के प्रति वे सदा तन-मन से समर्पित रहे। उन्होंने कहा स्व. अटल जी का उत्तराखंड के साथ दिव्य रिश्ता है। स्व. अटल जी के नेतृत्व वाली सरकार ने ही उत्तराखंड राज्य की स्थापना कर हम सभी के सपनों को साकार करने का काम किया था।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड की डबल इंजन की सरकार श्रद्धेय अटल जी के सपनों का उत्तराखंड बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। केंद्र एवं राज्य सरकार निरंतर राज्य के चहुंमुखी विकास एवं नागरिकों की सेवा के लिए प्रयासरत है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम सभी भव्य और दिव्य भारत को बनते हुए देख पा रहे हैं। प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में हमारी सरकार एक भारत, श्रेष्ठ भारत की संकल्पना को सार्थक करने हेतु उत्तराखंड को देश का श्रेष्ठ राज्य बनाने के अपने “विकल्प रहित संकल्प“ को पूर्ण करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।