पौड़ी में स्मृती ईरानी और सीएम धामी ने किया शक्ति प्रदर्शन, अनिल बलूनी को जिताने का किया आह्वान

Dehradun Uttarakhand


देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: गढ़वाल संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी ने आज नामांकन भरा। इस खास मौके पर सूबे के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी उनके साथ मौजूद रहे।

मंगलवार को केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी गढ़वाल संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी के नामांकन में शामिल होने के लिए पौड़ी पहुंची। इस दौरान रामलीला मैदान में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कोविड काल में पूरे विश्व की नजर भारत पर थी कि एक सौ 40 करोड़ की जनसंख्या वाले भारत देश कैसे इस बीमारी से उभरेगा। लेकिन देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में न केवल हमारे देश ने वैक्सीन बनाई बल्कि दूसरे देशों को भी आपूर्ति कराई।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि मै पौड़ी के कंडोलिया मंदिर में प्रार्थना करने आई हूं। गढ़वाल संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी भाई अनिल बलूनी के माथे पर तिलक लगाने आई हूं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि, दिव्य भूमि है। अब समय आ गया है जिन्होने श्री राम के अस्तित्व को नकारा, धारा 370 को हटाने का विरोध किया। ऐसी कांग्रेस पार्टी को सबक सिखाते हुए अब की बार भाजपा चार सौ पार का संकल्प पूरा करना है। केंद्रीय मंत्री ने भाजपा प्रत्याशी अनिल बलूनी को प्रचंड बहुमत से जिताने का आह्वान आमजन से किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनने जा रहा है। कहा कि श्री बद्रीनाथ धाम में मास्टर प्लान से कार्य हो रहा है तो श्री केदारनाथ में पुनर्निर्माण कार्य। उन्होंने कहा कि सरकार ने लैंड जिहाद के नाम पर हुए अतिक्रमण को हटा कर एक मिसाल कायम की। सीएम धामी ने कहा कि इस बार गढ़वाल संसदीय सीट से भाजपा सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने राज्य की पांचों सीटों पर जीत का दावा करते हुए कहा कि गढ़वाल संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी प्रचंड वोट से विजयी होंगे।

इस मौके पर हरिद्वार सांसद डा. रमेश पोखरियाल निशंक, कैबिनेट मंत्री डा. धन सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद तीरथ सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष सुषमा रावत, पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी, लैंसडोन विधायक दलीप सिंह रावत, देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी, रुद्रप्रयाग के विधायक भरत सिंह चौधरी, भाजपा महिला मोर्चे की प्रदेश अध्यक्ष आशा नौटियाल, यमकेश्वर की विधायक रेनू बिष्ट, मनीष खंडूरी, कर्णप्रयाग के विधायक अनिल नौटियाल, आदि शामिल रहे।