देहरादून (Big News Today)

आम आदमी पार्टी के प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट का कहना है कि आने वाले चुनाव में बीजेपी के विकल्प के तौर पर कांग्रेस नहीं बल्कि जनता आम आदमी पार्टी को समर्थन करेगी, और ये बात खुद सरकार के एक मंत्री भी स्वीकार चुके हैं। जोत सिंह बिष्ट ने देहरादून पार्टी मुख्यालय में Bignewstoday से बात करते हुए कहा कि हमारे लिए ये उत्साहजनक बात है कि आज उत्तराखंड के प्रत्येक घर में ‘आम आदमी पार्टी’ को पहचान मिली हुई है। इस पहचान को हम चुनावों में भारी समर्थन के रूप में बदलने पर मेहनत कर रहे हैं।

जोत सिंह बिष्ट ने सवालों का जवाब देते हुए कहा कि पिछले वर्षों में जिस तेजी के साथ उत्तराखंड में आम आदमी पार्टी के साथ लोग जुड़े उसका लाभ विधानसभा चुनाव में अपेक्षाकृत नहीं होने के पीछे एक बड़ा कारण मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करने में जल्दबाजी रहा है। मुख्यमंत्री चेहरा घोषित करने (कर्नल अजय कोठियाल) के बाद राज्य के कई बड़े नेताओं में आम आदमी पार्टी की तरफ अपना आकर्षण कम हो गया जिससे पार्टी को नुकसान हुआ।
प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह बिष्ट ने कहा कि फिलहाल अगले वर्ष 2023 में नगर निकायों के चुनावों को लेकर आम आदमी पार्टी अपनी तैयारी कर रही है। साथ ही भविष्य में संगठन को और मजबूत करने के लिए हम अपने ब्लॉक और मंडल स्तर तक संगठन को एक्टिव करके प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक्टिव सदस्यों की टीमों को तैयार करके जनता के द्वार तक भेजेंगे। इसके लिए पार्टी स्तर पर प्लानिंग हो रही है। हमारा ज़ोर पार्टी का संगठन मजबूत करके आगे बढ़ने पर है, हम राज्य में प्रत्येक विधानसभा सीट पर अपने एक्टिव सदस्यों को चिन्हित करके जिम्मेदारियां सौंपने जा रहे हैं।
कांग्रेस की आंतरिक कलह को लेकर भी जोत सिंह बिष्ट ने कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस में एक नेता दूसरे नेता को हल्का करने के उद्देश्य से ये नारा देता हो कि ’22 क्या जरूरी है 27 की तैयारी है’ तो आप अंदरूनी कलह और गुटबाजी का अंदाजा स्वंय लगा सकते हैं। बिष्ट ने कहा कि आने वाला चुनाव बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच ही होगा उसमें कोंग्रेस कहीं भी फाइट में नजर नहीं आएगी।
प्रदेश संगठन समन्वयक जोत सिंह से इस वार्ता के दौरान वरिष्ठ प्रवक्ता आरपी रतूड़ी, प्रवक्ता रविन्द्र आनंद, प्रवक्ता कमलेश रमन एवं सुधा पटवाल भी मौजूद रहे।