Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

वैली ऑफ वर्ड्स 2026 का दूसरा दिन : युवा स्वर, जलवायु कार्रवाई, साहित्य, सिनेमा और शास्त्रीय संगीत का संगम

Dehradun


Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’

देहरादून, 28 नवंबर 2026(Big news today)। वैली ऑफ वर्ड्स 2026 के दूसरे दिन साहित्यिक विमर्श, जलवायु-केंद्रित संवाद, फिल्म प्रदर्शन, लेखकों से संवाद और सांगीतिक प्रस्तुतियों की विस्तृत श्रृंखला देखने को मिली।

मुख्य मंच पर नाट्य प्रस्तुति से हुआ शुभारंभ

दूसरे दिन का शुभारंभ प्रेसीडेंसी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत वाईआई सीआईआई-वीओडब्ल्यू 2026 पुरस्कार विजेता नाट्य प्रस्तुति ‘इति नाट्य : कल्कि – कलियुग’ से हुआ। वाईआई-सीआईआई देहरादून चैप्टर की ओर से इस प्रस्तुति का संचालन हरजस कौर ने किया, जबकि अध्यक्षता शालिनी राव ने की।

पुरस्कार विजेता पुस्तकों पर संवाद

‘वीबीए 2026 : किशोर साहित्य’ सत्र में हुथुका सुमी की पुस्तक ‘जायंट्स’ पर डेबोरा डेका के साथ संवाद हुआ। यह पुस्तक सौम्य दैत्यों और अमित्र मनुष्यों की दुनिया में आए परिवर्तन की पड़ताल करती है। विजेता लेखिका को वैली ऑफ वर्ड्स की चेयरपर्सन रश्मि चोपड़ा ने सम्मानित किया।

‘वीबीए 2026 : अंग्रेजी कथेतर साहित्य’ के अंतर्गत ग़ज़ाला वहाब की पुस्तक ‘द हिंदी हार्टलैंड’ पर संजीव चोपड़ा ने चर्चा की। इस विमर्श में आधुनिक भारत के भूगोल, राजनीति और संस्कृति की पड़ताल करते हुए हिंदी पट्टी से लेकर देश के सुदूर क्षेत्रों तक की यात्रा को रेखांकित किया गया। इस सत्र में वैली ऑफ वर्ड्स के वरिष्ठ सहयोगी और पूर्व निर्णायक मंडल के सदस्य सतीश ऐकांत को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। विजेता लेखिका को सी. चंद्रमौली ने सम्मानित किया।

‘वीबीए 2026 : हिंदी कथा साहित्य’ सत्र में मनीषा कुलश्रेष्ठ के उपन्यास ‘ज़िमाया’ पर विस्तृत संवाद हुआ, जिसका संचालन एस. एस. बाजपेयी ने किया। भारत के वनों, हाथियों और मातृसत्तात्मक समाजों के परिवेश में गढ़ी गई यह कृति स्त्री शक्ति, प्रकृति और मानवीय संबंधों का सूक्ष्म विश्लेषण करती है। विजेता लेखिका को डॉ. राजेंद्र डोभाल ने सम्मानित किया।

अगले क्रम में ‘वीबीए 2026 : अंग्रेजी कथा साहित्य’ सत्र आयोजित हुआ, जिसमें राहुल पंडिता को उनकी पुस्तक ‘अवर फ्रेंड्स इन गुड हाउसेस’ के लिए सम्मानित किया गया। मोना वर्मा ने इस सत्र का संचालन किया। इसमें प्रेम, मित्रता और शांति की तलाश की गई। विजेता लेखक को डॉ. सुरेखा डंगवाल ने सम्मानित किया।

नीलोफर करीमभॉय के काव्य संग्रह ‘चेज़िंग ड्रीम्स’ पर श्रेया सत्रे ने श्रोताओं के साथ संवाद किया। वहीं, ‘शिव कुमार बटलवी के नाम’ काव्य-पाठ सत्र के माध्यम से इस महान कवि को श्रद्धांजलि अर्पित की गई, जिसमें ममता किरण, सौमित्र पांडे, अनिल सूद, भारती मिश्रा, अजय जुगरान और भारती शर्मा ने अपनी प्रस्तुतियां दीं। इस सत्र का संचालन अंजुम शर्मा ने किया और अध्यक्षता एल. एस. बाजपेयी ने की।

शब्दावली सभागार में जलवायु पर मंथन और सिनेमा

समानांतर रूप से, वीओडब्ल्यू शब्दावली सभागार में तीन सीआरएफ x आरएसटीएफ सत्रों का आयोजन किया गया। पहले सत्र में लुत्ज़ स्टॉटनर और एल फ्लेमिंगो की फिल्म ‘क्राइंग ग्लेशियर’ का प्रदर्शन किया गया, जिसके पश्चात स्मृति सिंह और ओंकार ढांके के साथ ‘जलवायु परिवर्तन और जेन ज़ी’ विषय पर चर्चा हुई। इस संवाद में राजेंद्र डोभाल सहभागी रहे और बी. आर. अरोड़ा ने सत्र की अध्यक्षता की।

सीआरएफ द्वितीय : ‘परिवर्तन के साथ जीवन : जेंडर, आजीविका और जलवायु’ सत्र में ‘जेंडरिंग क्लाइमेट फ्यूचर्स’ पुस्तक का पुनः लोकार्पण किया गया। सैंड्रा कुरियन द्वारा संचालित इस परिचर्चा में प्रेरणा रतूड़ी, अरुणिमा नैथानी और स्निग्धा तिवारी शामिल रहीं।

सीआरएफ तृतीय : ‘कॉप 2026 से परे – जलवायु कार्रवाई और पर्वतीय यथार्थ’ सत्र में ‘नेविगेटिंग द क्लाइमेट क्राइसिस’ पुस्तक का पुनः लोकार्पण हुआ। देबजीत पालित के संचालन में आयोजित इस सत्र में जतिंदर जय चीमा, बी. एस. नेगी और तृप्ता ठाकुर पैनलिस्ट के रूप में उपस्थित रहे।

‘बियॉन्ड नंबर्स – द स्टोरी ऑफ द इंडियन सेंसस’ सत्र में लेखक सी. चंद्रमौली ने संजीव चोपड़ा के साथ संवाद किया।

‘ऑथर फ्रॉम द वैली’ श्रृंखला के अंतर्गत ‘एम्बल्स अक्रॉस गॉडलैंड’ में लेखक लोकेश ओहरी और अनन्या प्रियदर्शिनी, ‘दास्तान-ए-कबूतर’ में लेखिका कुसुम अंसल और ममता किरण, तथा ‘द टाइगर स्टोरी’ में लेखिका दीपांजलि सिंह और बिजॉय सावियान के मध्य संवाद हुआ।

दिन के अंतिम सत्र में ‘हमारी पिक्चर’ की फिल्म ‘माउंटेन : डांडा’ का प्रदर्शन हुआ। इस पर आधारित परिचर्चा में पैनलिस्ट सिद्धार्थ शर्मा, ऋषभ कुमार और सुमित शर्मा ने अदिति बिष्ट के साथ संवाद किया, जिसकी अध्यक्षता सुरेखा डंगवाल ने की।

‘संध्या राग’ से हुआ समापन

महोत्सव के दूसरे दिन का समापन ‘संध्या राग’ की सांगीतिक प्रस्तुति के साथ हुआ, जिसमें सचिन चौहान सूत्रधार की भूमिका में रहे और सुधा कुलकर्णी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस कार्यक्रम में आईटीसी संगीत रिसर्च अकादमी के कलाकारों – देवांगभूषण वसुमतारी, बिभास संघई और गौरव चटर्जी – ने अपने संगीत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *