बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करे सरकार: रावत
Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून(Big news today)। उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता, विनोद आर्य और पुलकित आर्य के खिलाफ पुलिस-प्रशासन द्वारा एफआईआर दर्ज न किए जाने के विरोध में देहरादून के गांधी पार्क में धरने पर बैठ गये। उत्तराखंड राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत को जब धरने की सूचना मिली तो वह भी तत्काल धरना स्थल पर पहुंचे और उन्हें अपना समर्थन प्रदान किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि उत्तराखंड की बेटी अंकिता भंडारी के माता-पिता का धरने पर बैठने का मतलब है कि अंकिता के मामले में न्याय की जो आशा इन्हें थी, वह आशा टूट गई है। आखिर वह वीआईपी कौन है, जिसके लिए हमारी बेटी को अपनी जान गंवानी पड़ी? यह अलग बात है कि उसने हमारे मान-सम्मान, स्वाभिमान और गरिमा की रक्षा के लिए मरना स्वीकार किया, लेकिन उनके प्रलोभन के आगे झुकी नहीं। लेकिन हमारी बेटी तो नहीं रही, वह हमारी गरिमा व मान-सम्मान की प्रतीक है। अंकिता के माता-पिता की आशा टूट चुकी है। श्री रावत ने कहा कि मैं बहुत दुखी हूँ और मैं इनसे बहुत क्षमा भी चाहता हूँ कि शायद हम लोग नहीं लड़ पाए, सरकार को समझा नहीं पाए। इसलिए न्याय नहीं मिल रहा है।
अब पता चला है कि एफआईआर दर्ज करने में भी दिक्कत आ रही है। अंकिता के ऊपर कई तरह के आरोप लगाकर उसके चरित्र पर सवाल उठाने की कोशिश की जा रही है। इस सबको एक पिता कैसे स्वीकार कर सकता है?
श्री रावत ने कहा कि मेरा मानना है कि सबसे पहले सरकार को स्वतः संज्ञान लेते हुए उन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए, जो इस तरह के आरोप लगा रहे हैं। साइबर एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें कानून के शिकंजे में लाना चाहिए।
यह केवल एक बेटी की हत्या का मामला नहीं है। हत्या के बाद भी उसके साथ अन्याय और उसकी गरिमा की हत्या की जा रही है। इस पूरे मामले में जो लोग शामिल हैं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। भाजपा केवल वीआईपी को ही नहीं बचा रही है। बेटी की हत्या हो गई, उसके बाद फिर और हत्याएँ हो रही हैं। उसकी हत्या में जो लोग सम्मिलित हैं, उनको भी संरक्षण दे रहे हैं और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं।
श्री रावत ने कहा कि मैं यहाँ किसी नेता के तौर पर नहीं, बल्कि एक पिता के तौर पर आया हूँ। एक बेटी के दर्द और उसके माता-पिता के दिल की पीड़ा को समझते हुए यहाँ आया हूँ। हम सब गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों से आते हैं। मेहनत करके अपने बेटे-बेटियों को पढ़ाते हैं, उन्हें आगे बढ़ाने का सपना देखते हैं। अंकिता की भी अपनी आशाएँ और सपने थे।
सरकार का पहला कर्तव्य है कि वह बेटियों के सम्मान और उनके अधिकारों की रक्षा करे। उनके अधिकारों की रक्षा करने के बजाय उन्हें ही प्रताड़ित करना और उनकी आवाज दबाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।




