Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

बॉलीवुड सिंगर जुबिन नौटियाल के पिता रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी, यशपाल आर्य की रही अहम भूमिका

Dehradun


Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’

नई दिल्ली/देहरादून (BIG NEWS TODAY): प्रसिद्ध गायक जुबिन नौटियाल के पिता, देहरादून के पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और चकराता विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी रहे रामशरण नौटियाल ने भारतीय जनता पार्टी छोड़ने के बाद अब कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है।

AICC मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और CWC सदस्य गुरदीप सप्पल मौजूद रहे। सैलजा ने कांग्रेस का पट्टा पहनाकर नौटियाल का स्वागत किया।

कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि रामशरण नौटियाल का कांग्रेस परिवार में स्वागत है, उनके अनुभव से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी।

यशपाल आर्य की अहम भूमिका

सूत्रों के अनुसार रामशरण नौटियाल की कांग्रेस में वापसी के पीछे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और उत्तराखंड में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। रामशरण नौटियाल कांग्रेस में यशपाल आर्य के नजदीकी माने जाते रहे हैं। पुराने कांग्रेस कार्यकाल से ही दोनों के बीच अच्छे संबंध रहे हैं। यशपाल आर्य ने पिछले कई दिनों से पर्दे के पीछे बातचीत कर उन्हें वापस लाने में अहम कड़ी का काम किया।

प्रोफाइल – रामशरण नौटियाल कौन हैं?

रामशरण नौटियाल सिर्फ जुबिन नौटियाल के पिता के तौर पर नहीं, बल्कि जौनसार-बावर के बड़े जनजातीय नेता के तौर पर जाने जाते हैं।

– राजनीति की शुरुआत कांग्रेस से की, प्रदेश उपाध्यक्ष तक रहे।
– करीब 12 साल पहले 2014 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए।
– देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके हैं।
– 2022 में भाजपा ने उन्हें चकराता सीट से टिकट दिया। उन्हें 27,417 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के प्रीतम सिंह को 36,853 वोट मिले। 9,436 वोटों से चुनाव हार गए।
– सितंबर 2026 में भाजपा से इस्तीफा दे दिया, आरोप लगाया कि मंचों पर अपमान और संगठन में घुटन महसूस हो रही है।

जौनसार-बावर और चकराता पर असर

चकराता विधानसभा पारंपरिक रूप से प्रीतम सिंह का गढ़ रही है। 2022 में रामशरण नौटियाल उनके सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी थे। अब दोनों एक ही पार्टी में आ गए हैं। इससे टकराव नहीं बल्कि गठजोड़ मजबूत होगा। बशर्ते कि रामशरण नौटियाल चकराता सीट से चुनाव लड़ने की ज़िद ना करें।

भाजपा के लिए ये पश्चिमी गढ़वाल में बड़ा झटका है। जौनसार-बावर में भाजपा के पास अब विकासनगर विधायक मुन्ना सिंह चौहान की पत्नी मधु चौहान के अलावा कोई बड़ा स्थानीय चेहरा नहीं बचा है।

किस सीट से रामशरण नौटियाल लड़ेंगे चुनाव?

चकराता से प्रीतम सिंह का टिकट लगभग तय माना जा रहा है, इसलिए रामशरण नौटियाल वहां से नहीं लड़ेंगे। चर्चा है कि कांग्रेस उन्हें विकासनगर या सहसपुर सीट से उतार सकती है, क्योंकि दोनों सीटों पर जौनसार-बावर मूल के मतदाताओं की बड़ी संख्या है और जिला पंचायत अध्यक्ष रहते हुए वहां उनका जनाधार रहा है। यमुनोत्री सीट पर भी उनका सामाजिक असर माना जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *