पौड़ी गढ़वाल। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने जोश टीम का शुभारंभ किया।
इसी क्रम में पौड़ी के विकास भवन सभागार में कार्यक्रम आयोजित हुआ, जहां अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने केंद्रीय मंत्री का संबोधन सुना। विधायक राजकुमार पोरी ने 8 उपचाराधीन क्षय रोगियों को पोषण किट वितरित कर जनपद एवं विकासखंड स्तर पर गठित जोश टीमों को हरी झंडी दिखाई तथा अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, माय भारत वॉलंटियर्स एवं प्रतिभागियों को टीबी मुक्त भारत की शपथ दिलाई।
उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त पौड़ी के लिए जनभागीदारी जरूरी है और “टीबी हारेगा, देश जीतेगा” के संकल्प के साथ अभियान को सफल बनाना होगा। उन्होंने बताया कि अभियान 11 राज्यों के 55 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चल रहा है, जिसमें पौड़ी भी शामिल है। सीएमओ डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि अभियान में युवाओं एवं स्वयंसेवकों को जोड़ा गया है।
जनपद में विकासखंडवार 15 नोडल अधिकारी नामित किए गए हैं, जिनके साथ 5 एनसीसी कैडेट्स व 5 माय भारत वॉलंटियर्स जुड़े हैं। अभियान के अनुश्रवण के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति गठित है। डॉ. श्वेता नवानी ने टीबी के लक्षण, जांच व उपचार की जानकारी देते हुए लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना व रात में पसीना आने पर जांच कराने की अपील की। कार्यक्रम में टीबी उन्मूलन प्रचार सामग्री भी वितरित की गई। इस अवसर पर डॉ. सुरेंद्र सिंह, डॉ. अलीशा, चीफ फार्मासिस्ट जेपी टम्टा, माय भारत वॉलंटियर्स एवं उपचाराधीन क्षय रोगी उपस्थित रहे।




