Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

मार्ग की साफ-सफाई एवं सुधारीकरण का कार्य प्रारम्भ

Dehradun


Consulting Editor : Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून(Big news today)। केदारनाथ धाम पैदल मार्ग पर चीरवासा के समीप पत्थर गिरने के कारण आंशिक रूप से बाधित मार्ग से दर्शन कर वापस लौटे श्रद्धालुओं को सुरक्षित पार कराया गया।

गत दिवस से केदारनाथ धाम पैदल मार्ग गौरीकुण्ड से लगभग 2.5 कि.मी. ऊपर चीरवासा हैलीपेड के समीप पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण बाधित चल रहा था। देर सांयकाल तक प्रतिकूल मौसम तथा इस स्थान पर निरन्तर पहाड़ी से पत्थर गिरने के कारण मार्ग आवागमन हेतु बाधित रहा। केदारनाथ से वापस आ रहे श्रद्धालुओं को विभिन्न पड़ावों पर सुरक्षित रुकवाया गया।

आज प्रातःकाल मौसम अनुकूल होने तथा यहां पर पत्थर इत्यादि न गिरने पर केदारनाथ धाम की ओर से वापस लौट रहे श्रद्धालुओं को चीरबासा के समीप बाधित मार्ग क्षेत्र से सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक सावधानियों के साथ चरणबद्ध रूप से सुरक्षित ढंग से पार कराया गया है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित किए जाने हेतु मौके पर एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, वाईएमएफ, आपदा मित्र एवं पुलिस बल की रेस्क्यू टीमें तैनात हैं। रेस्क्यू टीमों द्वारा बाधित मार्ग क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही कराए जाने के साथ ही उन्हें आवश्यक सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान की जा रही है।

श्रद्धालुओं के सुरक्षित पार होने के उपरान्त सम्बन्धित कार्यदाई संस्था (लोक निर्माण विभाग) के स्तर से मार्ग पर आए मलबे एवं पत्थरों को हटाने तथा मार्ग की साफ-सफाई एवं सुधारीकरण का कार्य प्रारम्भ कर दिया गया है।

वर्तमान में स्थिति सामान्य एवं नियंत्रण में है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मौके पर तैनात सभी रेस्क्यू टीमें एवं संबंधित विभाग निरन्तर निगरानी रखते हुए आवश्यक कार्यवाही कर रहे हैं।

फिलहाल यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत सोनप्रयाग में केदारनाथ की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को रोका गया है, मार्ग के पूर्ण रूप से आवागमन हेतु सुचारु होने पर यात्रा संचालित कराई जाएगी।

श्रद्धालुओं से अपील है कि मौके पर तैनात सुरक्षा एवं रेस्क्यू टीमों द्वारा दिए जा रहे निर्देशों का पालन करें तथा बिना अनुमति बाधित क्षेत्र को पार करने का प्रयास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *