Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून/डोईवाला, (Big News Today):
शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला में विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग, उत्तराखण्ड शासन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय युवा संसद प्रतियोगिता 2025-26 के पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की आयोजक और उत्तराखण्ड युवा संसद की राज्य नोडल अधिकारी डॉ. राखी पंचोला रहीं।
समारोह में प्रमुख सचिव, विधायी एवं संसदीय कार्य विभाग, उत्तराखण्ड शासन सहदेव सिंह मुख्य अतिथि रहे। अपर सचिव, संसदीय कार्य विभाग अरविन्द कुमार, उप सचिव पूरन गिरी, निदेशक उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि प्रमोद डोबरियाल, उपनिदेशक माध्यमिक रमेश तोमर और महाविद्यालय के प्राचार्य देवेश भट्ट सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्राचार्य देवेश भट्ट ने अतिथियों का स्वागत किया। छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
तरुण सभा के परिणाम
अपर सचिव अरविन्द कुमार ने तरुण सभा के परिणाम घोषित किए। इस वर्ग में शहीद दुर्गामल्ल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, डोईवाला ने लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त किया।
द्वितीय स्थान रामचन्द्र उनियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उत्तरकाशी, तृतीय स्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, रुद्रपुर, चतुर्थ स्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, गोपेश्वर और पंचम स्थान राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नई टिहरी ने प्राप्त किया।
अरविन्द कुमार ने बताया कि इस सत्र में राज्य के 13 जनपदों के 76 महाविद्यालयों में युवा संसद / तरुण सभा का आयोजन किया गया।
किशोर सभा के परिणाम
किशोर सभा में प्रथम स्थान जनपद हरिद्वार के पी.एम. श्री राजकीय महाविद्यालय, भौरी, रुड़की को मिला। द्वितीय स्थान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, डोभालवाला, देहरादून, तृतीय स्थान राजकीय महाविद्यालय, मैठाना दशोली, चतुर्थ स्थान राजकीय इंटर कॉलेज, दूनाकोट, पिथौरागढ़ और पंचम स्थान पी.एम. श्री राजकीय महाविद्यालय, बागेश्वर को मिला।
प्राचार्य देवेश भट्ट ने कहा कि युवा संसद केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना जागृत करने और लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझाने का माध्यम है।
राज्य नोडल अधिकारी राखी पंचोला ने राज्य, जिला, महाविद्यालय और विद्यालय स्तर पर युवा संसद के आयोजन की प्रक्रिया की जानकारी दी।
निदेशक उच्च शिक्षा के प्रतिनिधि प्रमोद डोबरियाल ने कहा कि युवा संसद में अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के साथ-साथ स्थानीय और क्षेत्रीय मुद्दों पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि आगामी कार्यक्रमों में स्थानीय समस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को प्राथमिकता दी जाए।
मुख्य अतिथि सहदेव सिंह ने कहा कि भारत विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राष्ट्र-शक्तियों में से एक है। युवाओं को राज्य की प्रगति और विकास से जुड़े कार्यों से अवगत कराना जरूरी है। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया।
20 नोडल अधिकारी और 52 युवा सांसद सम्मानित
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया। 20 जनपदीय नोडल अधिकारियों और 52 सर्वश्रेष्ठ युवा सांसदों (प्रत्येक जनपद से दो) को भारत सरकार की नियमावली के अनुसार प्रमाण-पत्र और ट्रॉफी प्रदान की गई।
देहरादून की जिला नोडल अधिकारी अंजली वर्मा, हरिद्वार के नोडल अधिकारी गजेन्द्र सिंह, ऊधम सिंह नगर के नोडल अधिकारी प्रदीप कुमार, अजीत सिंह सहित टिहरी, पौड़ी और अन्य जनपदों के नोडल अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं के साथ सहभागिता की।
कार्यक्रम के अंत में हिमालय दिवस के उपलक्ष्य में प्रभारी, विधि प्रकोष्ठ राजकुमारी भंडारी ने सभी को हिमालय के संरक्षण, संवर्धन और पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन राखी पंचोला ने किया।



