Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

कांग्रेस की नव नियुक्त नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर पंखुड़ी पाठक ने देहरादून पहुंचकर की वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात , 2027 के चुनाव में संभालेंगी जिम्मेदारी

Dehradun Delhi Mussoorie Uttarakhand


Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’

नई दिल्ली/देहरादून, (BIG NEWS TODAY): उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने अपनी मीडिया और चुनावी संचार रणनीति को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय प्रवक्ता पंखुड़ी पाठक को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें आगामी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है। उनके साथ प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को भी समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई है। पंखुड़ी पाठक ने देहरादून पहुंचकर नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, और पार्टी अध्यक्ष गणेश गोदियाल से मुलाकात की है।

पंखुड़ी पाठक लंबे समय से सक्रिय राजनीति और मीडिया से जुड़ी रही हैं। उनका राजनीतिक सफर दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्र राजनीति से शुरू हुआ। वर्ष 2010 में उन्होंने हंसराज कॉलेज में ज्वाइंट सेक्रेटरी का चुनाव जीता। इसके बाद वह समाजवादी पार्टी से जुड़ीं और पार्टी की युवा राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।

सपा में प्रवक्ता से राष्ट्रीय राजनीति तक

समाजवादी पार्टी में पंखुड़ी पाठक को वर्ष 2013 में लोहिया वाहिनी का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया। बाद में उन्होंने पार्टी के प्रवक्ता के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली और विभिन्न राजनीतिक मुद्दों पर मीडिया में पार्टी का पक्ष रखा। टीवी डिबेट और मीडिया कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के चलते उनकी पहचान एक युवा राजनीतिक वक्ता के तौर पर बनी।

वर्ष 2018 में अलीगढ़ के अतरौली में एक घटना के बाद वह राष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में आईं। वह वहां कुछ परिवारों से मिलने पहुंची थीं, इसी दौरान उनके साथ कथित तौर पर बजरंग दल कार्यकर्ताओं द्वारा दुर्व्यवहार/हमले की घटना सामने आई थी। इस प्रकरण को लेकर उस समय राजनीतिक विवाद भी हुआ था।

2021 में कांग्रेस में हुईं शामिल

पंखुड़ी पाठक ने फरवरी 2021 में समाजवादी पार्टी से इस्तीफा देकर कांग्रेस का दामन थामा। कांग्रेस में शामिल होने के बाद उन्हें उत्तर प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया संगठन में जिम्मेदारी मिली। इसके बाद वह कांग्रेस की मीडिया पैनलिस्ट और राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी का पक्ष रखने वाली प्रमुख युवा आवाजों में शामिल हुईं।

2022 में नोएडा से लड़ा विधानसभा चुनाव

कांग्रेस ने वर्ष 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पंखुड़ी पाठक को नोएडा विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया था। चुनाव के बाद भी वह पार्टी की मीडिया गतिविधियों और राजनीतिक अभियानों में सक्रिय रहीं। चुनावी राजनीति के साथ-साथ मीडिया और सोशल मीडिया के मोर्चे पर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही।

अब उत्तराखंड चुनाव में अहम भूमिका

कांग्रेस ने उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी दी गई है। नई भूमिका में वह प्रदेश कांग्रेस के साथ समन्वय करते हुए पार्टी की मीडिया रणनीति, चुनावी संचार और राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड से जुड़े राजनीतिक मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने में भूमिका निभाएंगी।

पंखुड़ी पाठक की नियुक्ति को कांग्रेस की ओर से उत्तराखंड चुनाव में मीडिया और संचार तंत्र को मजबूत करने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है। युवा चेहरा होने के साथ-साथ टीवी डिबेट, सोशल मीडिया और राजनीतिक संवाद का अनुभव उनकी नई जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *