Consulting Editor: Mohd Faheem 'Tanha'
हैदराबाद, (BIG NEWS TODAY) 01 सितंबर 2026। विकास की नई तस्वीर, अत्याधुनिक वैज्ञानिक तकनीक और केंद्र सरकार की जनहितकारी पहलों को करीब से समझने के उद्देश्य से उत्तराखंड के 15 सदस्यीय मीडिया प्रतिनिधिमंडल की पांच दिवसीय हैदराबाद अध्ययन यात्रा जारी है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत पीआईबी देहरादून द्वारा आयोजित इस प्रेस दौरे में पत्रकार तेलंगाना में केंद्र सरकार की विभिन्न विकास गतिविधियों और महत्वपूर्ण संस्थानों का प्रत्यक्ष अध्ययन कर रहे हैं। पीआईबी हैदराबाद की अपर महानिदेशक श्रुति पाटिल ने कहा कि ऐसे प्रेस दौरे विकासपरक पत्रकारिता को मजबूत करने और सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों को जनता तक तथ्यपरक ढंग से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतिनिधिमंडल 31 अगस्त से 4 सितंबर 2026 तक हैदराबाद और तेलंगाना के विभिन्न महत्वपूर्ण संस्थानों का भ्रमण करेगा। दल का नेतृत्व पीआईबी देहरादून के सहायक निदेशक संजीव सुंद्रियाल कर रहे हैं। अध्ययन यात्रा के दौरान पत्रकारों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, वैज्ञानिक उपलब्धियों, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी पहलों तथा अन्य विकास गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

एडीजी PIB श्रुति पाटिल का हैदराबाद में मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद
अध्ययन दौरे के पहले दिन मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पीआईबी हैदराबाद का दौरा किया। इस दौरान अपर महानिदेशक श्रुति पाटिल, संयुक्त निदेशक डॉ. मानस कृष्णकांत और अन्य अधिकारियों के साथ पत्रकारों ने संवाद किया।
श्रुति पाटिल ने पत्रकारों को तेलंगाना के बदलते मीडिया परिदृश्य के साथ-साथ केंद्र सरकार की नीतियों, कार्यक्रमों और प्रमुख पहलों के प्रचार-प्रसार में पीआईबी तथा केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीबीसी) की भूमिका और उनके संचार एवं आउटरीच कार्यक्रमों की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि प्रेस टूर पत्रकारों को सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं को केवल कागजों या प्रेस विज्ञप्तियों के माध्यम से नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर देखकर और संबंधित विशेषज्ञों से संवाद करके समझने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि हैदराबाद और तेलंगाना में अध्ययन के दौरान मिली जानकारियों और अनुभवों को अपने-अपने मीडिया माध्यमों के जरिए उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाएं।

INCOIS में समझी सुनामी चेतावनी और महासागर निगरानी प्रणाली
मीडिया प्रतिनिधिमंडल ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के अधीन कार्यरत भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (INCOIS) का भी दौरा किया। यहां पत्रकारों को भारत की अत्याधुनिक महासागर निगरानी क्षमता, सुनामी चेतावनी प्रणाली, सुनामी जैसी समुद्री पूर्वानुमान और आपदा संबंधी अलर्ट जारी करने की तकनीकी प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों ने बताया कि समुद्र से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों और संभावित आपदाओं की निगरानी के लिए आधुनिक वैज्ञानिक तकनीक एवं अत्याधुनिक प्रणालियों का किस प्रकार उपयोग किया जाता है। सुनामी जैसी समुद्री आपदाओं की स्थिति में समय रहते चेतावनी जारी करने और संबंधित एजेंसियों तक सूचना पहुंचाने के पूरे तंत्र की भी जानकारी दी गई।

NIN और ESIC अस्पताल का भी भ्रमण
अध्ययन यात्रा के आगामी दिनों में प्रतिनिधिमंडल भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (ICMR) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) तथा श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले ईएसआईसी अस्पताल का भ्रमण करेगा।
इन संस्थानों के दौरे के दौरान पत्रकारों को पोषण अनुसंधान, सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ी पहलों और कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।


हैण्डलूम प्रदर्शनी में दिखी देशभर की कला और शिल्प की झलक
प्रतिनिधिमंडल ने भारत सरकार के वस्त्र मंत्रालय के अंतर्गत हैदराबाद में आयोजित हैण्डलूम प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के बुनकरों, शिल्पियों और कलाकारों द्वारा तैयार किए गए हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
पत्रकारों ने विभिन्न राज्यों की पारंपरिक कला, शिल्प और हथकरघा उत्पादों को करीब से देखा। प्रदर्शनी में लोगों का उत्साह और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक उत्पादों के प्रति आकर्षण भी देखने को मिला।


हैदराबाद की ऐतिहासिक विरासत से भी रूबरू होंगे पत्रकार
अध्ययन यात्रा के सांस्कृतिक पक्ष के तहत मीडिया प्रतिनिधिमंडल सालार जंग संग्रहालय, चारमीनार और लाड बाजार का भी भ्रमण करेगा। इन ऐतिहासिक स्थलों के माध्यम से पत्रकारों को हैदराबाद की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और स्थापत्य विरासत को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
पीआईबी देहरादून की ओर से आयोजित इस पांच दिवसीय अध्ययन यात्रा का उद्देश्य पत्रकारों को तेलंगाना में केंद्र सरकार की प्रमुख विकास पहलों, वैज्ञानिक एवं तकनीकी उपलब्धियों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों की प्रत्यक्ष जानकारी उपलब्ध कराना है। साथ ही, पत्रकारों को हैदराबाद की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से भी परिचित कराया जा रहा है। यात्रा के दौरान प्राप्त अनुभवों और जानकारियों को पत्रकार अपने-अपने मीडिया माध्यमों के जरिए उत्तराखंड की जनता तक पहुंचाएंगे।



