Consulting Editor: Mo Faheem ‘Tanha’
देहरादून। (BIG NEWS TODAY): धर्मपुर विधायक विनोद चमोली और एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने आढ़त बाजार का स्थलीय निरीक्षण कर विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि नवीन आढ़त बाजार का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और अब दुकानों एवं भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान विधायक विनोद चमोली ने निर्देश दिए कि आढ़त बाजार में दुकानों एवं भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया सितंबर 2026 तक हर हाल में पूरी की जाए, ताकि व्यापारियों को जल्द इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कार्यों में अनावश्यक देरी नहीं करने और गुणवत्ता के साथ समयसीमा का पालन करने के निर्देश दिए।
पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर भी जोर
आढ़त बाजार में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के लिए पार्किंग शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए गए। वहीं आसपास रहने वाले लोगों के लिए पार्किंग निशुल्क रखने की बात भी कही गई।
विधायक ने बाजार और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए एनएचएआई के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यवाही करने को कहा, ताकि व्यापारियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि आढ़त बाजार का व्यवस्थित विकास प्राधिकरण की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पार्किंग, यातायात और अन्य सुविधाओं के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने के निर्देश दिए।
एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है और आवंटन प्रक्रिया सितंबर तक पूरी करने के लक्ष्य पर काम किया जा रहा है।



