Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

नगर निगम करा रहा जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन                  

Dehradun Uttarakhand


 Consulting Editor : Mo Faheem 'Tanha'

देहरादून(Big news today)। नगर निगम देहरादून द्वारा “स्वच्छता एवं पर्यावरण जागरूकता अभियान” संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत प्रतिदिन विभिन्न गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को विद्यालयों में “स्वच्छता प्रतियोगिता दिवस” आयोजित किया गया। नगर आयुक्त आलोक कुमार पांडे के निर्देशनानुसार समस्त मुख्य सफाई निरीक्षक एवं सफाई निरीक्षक ने अपने-अपने आवंटित विद्यालयों में अभियान का संचालन किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय प्रबंधन ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए स्वच्छता विषयक प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।


इस अवसर पर विद्यालयों में चित्रकला, निबंध लेखन, भाषण, पोस्टर निर्माण, स्लोगन लेखन एवं “वेस्ट टू बेस्ट” विषयों पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा संसाधनों के पुनः उपयोग (Reuse) के महत्व को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टर, प्रभावशाली स्लोगन एवं प्रेरणादायक चित्रों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश दिया तथा अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी सामग्री तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।


कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित किया गया तथा उन्हें अपने विद्यालय, घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प दिलाया गया। प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना, रचनात्मक क्षमता को बढ़ावा देना तथा स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों से जोड़ना रहा।


नगर निगम देहरादून द्वारा अभियान के अंतर्गत आगामी दिनों में भी विभिन्न गतिविधियों एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ एवं हरित देहरादून के निर्माण के उद्देश्य को साकार किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *