देहरादून, 16 जून। (M. Faheem ‘Tanha’): मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर 21 जून 2026 को एक भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम प्रातः 7:00 बजे सिटी फॉरेस्ट पार्क, हेलिपैड के सामने, सहस्रधारा, देहरादून में आयोजित होगा।
आयोजन में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है।
एमडीडीए द्वारा जारी आमंत्रण में सभी सम्मानित नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की गई है। आयोजन का संदेश “योग से तन-मन स्वस्थ बनाएं, पर्यावरण बचाएं” रखा गया है।
प्राधिकरण के चेयरमैन वरिष्ठ आईएएस बंशीधर तिवारी का कहना है कि योग कार्यक्रम में शामिल होकर नागरिक न केवल अपने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में भी योगदान दे सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम सामूहिक योगाभ्यास और जनभागीदारी के माध्यम से योग के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेगा।
एमडीडीए ने अधिक से अधिक लोगों से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया है।



