देहरादूनI (Big News Today): जानकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी द्वारा डॉ. केकेबीएम सुभारती हॉस्पिटल के सहयोग से आज कैनाल रोड स्थित बारीघाट बस्ती क्षेत्र में झुग्गी-झोपड़ी एवं वंचित समुदाय के लोगों के लिए एक निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस शिविर का उद्देश्य समाज के आर्थिक रूप से कमजोर एवं स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित लोगों तक गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना था।
इस विशेष पहल के अंतर्गत डॉ. केकेबीएम सुभारती हॉस्पिटल ने अनुभवी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, फार्मासिस्टों तथा अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की एक समर्पित चिकित्सा टीम तैनात की। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों, महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने भाग लेकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
शिविर के दौरान सामान्य एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच (आई स्क्रीनिंग), दंत चिकित्सा परामर्श, प्राकृतिक चिकित्सा एवं आहार विशेषज्ञ (डायटीशियन) परामर्श, फिजियोथेरेपी परामर्श, रक्तचाप एवं रक्त शर्करा (ब्लड शुगर) की जांच जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं निःशुल्क प्रदान की गईं। जांच के उपरांत चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयों का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर जनकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी के सचिव – कविता चतुर्वेदी ने कहा कि संस्था समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। ऐसे स्वास्थ्य
शिविर लोगों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ समय पर रोगों की पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
स्थानीय निवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए जनकी देवी एजुकेशनल वेलफेयर सोसायटी एवं डॉ. केकेबीएम सुभारती हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया। शिविर के माध्यम से सैकड़ों लोगों को स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्राप्त हुआ और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।



