Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

नवनियुक्त कर्मचारियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भेजीं शुभकामनाएं

Dehradun Uttarakhand






देहरादून, (M. Faheem 'Tanha'): उत्तराखंड की विभिन्न सरकारी सेवाओं में पिछले चार वर्षों में चयनित हुए कार्मिकों को  
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने डिजिटल माध्यम से पत्र प्रेषित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि वर्ष 2022 में जनता द्वारा दूसरी बार राज्य की जिम्मेदारी सौंपे जाने के बाद प्रदेश में बेरोजगारी की समस्या को कम करने और विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने के उद्देश्य से व्यापक भर्ती अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि बीते चार वर्षों में राज्य सरकार द्वारा लगभग 30 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है तथा यह प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में युवा अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर राजकीय सेवाओं में चयनित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की सफलता में उनकी मेहनत के साथ-साथ राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए कठोर नकल विरोधी कानून तथा निष्पक्ष, पारदर्शी और ईमानदार चयन प्रक्रिया की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजकीय सेवक के रूप में चयनित होना केवल युवाओं और उनके परिवारों के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य सरकार के लिए भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी चयनित कार्मिकों से ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा मानवीय मूल्यों के साथ आमजन की सेवा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ चयनित युवाओं से दूरभाष पर बातचीत कर उन्हें जनसेवा के कार्यों में उत्साहपूर्वक योगदान देने के लिए प्रेरित भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *