Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राष्ट्रीय जनगणना कार्य में तेजी लाएं, समयबद्ध लक्ष्य हर हाल में पूरा हो : जिलाधिकारी

Dehradun Uttarakhand






जनगणना में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
कार्य में कोताही होने पर निलंबन तक के निर्देश
चम्पावत। जनपद चम्पावत में संचालित राष्ट्रीय महत्व की जनगणना के द्वितीयचरण को प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी एवं  प्रमुख जनगणना अधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में अपर जिलाधिकारी कार्यालय में एक विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अवगत कराया गया कि जनगणना का द्वितीय चरण 25 अप्रैल 2026 से प्रारंभ हो चुका है, जिसके अंतर्गत प्रशिक्षित प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर नागरिकों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं का संकलन किया जा रहा है।

इस महत्वपूर्ण अभियान को 24 मई 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी ने वर्तमान प्रगति, जो कि लगभग 20 प्रतिशत है, पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे शीघ्र गति प्रदान करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यह कार्य न केवल प्रशासनिक दायित्व है, बल्कि #राष्ट्रनिर्माण की आधारशिला भी है, अतः इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने जनपद की सभी तहसीलों में कार्यरत कुल 370 प्रगणकों एवं 62 सुपरवाइजरों के साथ-साथ नगर पालिका क्षेत्रों में नियुक्त 89 प्रगणकों एवं 19 सुपरवाइजरों की दैनिक प्रगति का नियमित रूप से आंकलन एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक स्तर पर कार्य की सतत निगरानी से ही निर्धारित समयावधि में लक्ष्य की प्राप्ति संभव है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी उपज़ीलाधिकारियों, तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना कार्य की व्यक्तिगत रूप से समीक्षा करने तथा प्रगणकों व सुपरवाइजरों के कार्यों का निरंतर निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां कहीं भी कार्य में ढिलाई या लापरवाही सामने आए, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों — चाहे वे तहसीलदार, सुपरवाइजर, प्रगणक या अन्य संबंधित कार्मिक हों-ने जनगणना जैसे राष्ट्रीय निर्माण कार्य में लापरवाही एवं कोताही के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर निलंबन (सस्पेंशन) जैसे कदम भी उठाए जाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की नीतियों, योजनाओं एवं विकास कार्यों की आधारशिला होते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें सहयोग अत्यंत आवश्यक है।\

उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा घर-घर पहुंच रहे प्रगणकों को सही, सटीक एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं, ताकि जनगणना के आंकड़े वास्तविकता के अनुरूप तैयार हो सकें। बैठक में अपर जिलाधिकारी कृष्ण नाथ गोस्वामी, उपजिलाधिकारी विपिन पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेन्द्र पटवाल, अपर सूचना विज्ञान अधिकारी अमित बूरा सहित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समस्त तहसीलदार एवं संबंधित कार्मिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *