Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

स्लाइड जोन के सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण

Dehradun Uttarakhand






अल्मोड़ा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने आज क्वारब पहुंचकर स्लाइड जोन के सुधारीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों से सुधारात्मक कार्यों की प्रगति तथा अवशेष कार्यों की  विभिन्न जानकारियां प्राप्त कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों को तेजी से किया जाए तथा कार्यरत मजदूरों और मशीन ऑपरेटर्स की सुरक्षा मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाए । जिलाधिकारी ने कहा कि यह सड़क अल्मोड़ा, बागेश्वर तथा पिथौरागढ़ के लिए बहुत महत्वपूर्ण मार्ग है, इसलिए इस सड़क की महत्ता को ध्यान में रखते हुए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि वाहनों का व्यवस्थित संचालन भी बना रहे तथा यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न होने पाए।


इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने नवनिर्मित क़्वारब बायपास मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मार्ग में चल रहे कार्यों तथा उनकी गुणवत्ता का अवलोकन किया। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने इस संबंध में विभिन्न जानकारियां जिलाधिकारी को प्रदान की। जिलाधिकारी ने कहा कि क्वारब के स्लाइड प्वाइंट में आने वाली बाधाओं से बचने के लिए इस मार्ग का निर्माण किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग का लाभ यात्रियों को मिले, इसके लिए इसके संचालन की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूर्ण की जाए। उन्होंने अवशेष कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण करने के साथ साथ इसके संचालन को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए।


जिलाधिकारी ने कहा कि पर्यटन की गतिविधियों के दृष्टिगत यह मार्ग बहुत महत्वपूर्ण है। इसलिए इसका संचालन जल्द से जल्द किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि क्वारब के सुधारात्मक कार्यों को तेजी से करने के लिए भी इस मार्ग का संचालन जरूरी है, जिससे यात्रियों का निर्बाध आवागमन भी बना रह तथा क्वारब के सुधारात्मक कार्य भी चलते रहें।


इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल, तहसीलदार ज्योति धपवाल सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *