Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

महिलाओं के बीच पहुंचने के लिए भाजपा ने कीर्तन-नवरात्र प्लान बनाया

Uttarakhand






नवरात्र के हर दिन अलग-अलग आयोजित किए जाएंगे कार्यक्रम
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में महिला मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए खास कीर्तन-नवरात्र प्लान तैयार किया है। संगठन ने महिला मोर्चा को इस प्लान को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी सौंप दी है।

अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा की नजर युवाओं के अलावा महिला मतदाताओं पर भी है। आंकड़ों के हिसाब से देखें तो जनवरी में प्रदेश में 84,29,459 मतदाताओं में से 40,64,488 महिला मतदाता हैं। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी महिला मतदाताओं ने भाजपा को रिकॉर्ड जीत तक पहुंचने में अहम किरदार अदा किया था। लिहाजा, संगठन ने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भी महिला मतदाताओं पर मजबूत पकड़ बनाने पर जोर लगाया है। इसके लिए महिला मोर्चा को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि मंडल स्तर तक होने वाली कीर्तन मंडल में मोर्चा शामिल होगा।

महिलाओं के बीच कीर्तन का आनंद लेने के साथ ही सरकार की उपलब्धियां और सेवाएं पहुंचाएगी। इसी प्रकार, नवरात्र के हर दिन अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उधर, हरियाली तीज को भी भाजपा, महिलाओं के साथ मिलकर मनाएगी। यह कार्यक्रम भी मंडल स्तर तक होंगे। इस बार विधानसभा में जो बजट मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने पेश किया, उसमें भी महिलाओं की योजनाओं से संबंधित जेंडर बजट बढ़ाया गया है। पिछले वित्तीय वर्ष में धामी सरकार ने जेंडर बजट में 2423 करोड़ की बढ़ोतरी करते हुए 16,961.32 करोड़ रुपये का प्रावधान किया था।

इस साल इसमें 2730 करोड़ की और बढ़ोतरी करते हुए 19,692.02 करोड़ का प्रावधान कर दिया गया है। इस बजट में न केवल महिलाओं की सुरक्षा का ख्याल रखा गया बल्कि उनके विकास, पोषण का भी खास ख्याल रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *