Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

राज्यपाल ने किया “न्यू पार्लियामेंट: वॉयस ऑफ भारत” पुस्तक का विमोचन

Dehradun Uttarakhand


देहरादून । राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने मंगलवार को नई दिल्ली में “न्यू पार्लियामेंट: वॉयस ऑफ भारत” पुस्तक का विमोचन किया। इस पुस्तक के लेखक प्रो. के. पी. सिंह हैं, जिसमें नए संसद भवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं का वर्णन किया गया है। पुस्तक विमोचन के अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि यह पुस्तक उस ऐतिहासिक क्षण को संजोती है, जब नया संसद भवन देश को समर्पित किया गया। उन्होंने कहा कि यह भवन आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम है, जो भारत के आत्मविश्वास और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाता है। राज्यपाल ने कहा कि नया संसद भवन केवल प्रशासनिक जरूरतों के लिए नहीं बना है, बल्कि यह भारतीय कला, संस्कृति और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक है। इस अवसर पर उन्होंने संसद परिसर में स्थापित ‘सेंगोल’ का उल्लेख करते हुए कहा कि यह कर्तव्य, सेवा और धर्म का प्रतीक है तथा यह संदेश देता है कि सत्ता का उद्देश्य सेवा होना चाहिए। राज्यपाल ने पुस्तक के लेखक प्रो. के. पी. सिंह की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने इस पुस्तक के माध्यम से लोकतंत्र से जुड़े विचारों और भावनाओं को सरल और प्रभावी रूप में प्रस्तुत किया है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए उपयोगी सिद्ध होगी और लोगों को संविधान, संसद और अपने कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाएगी।