Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

महिला नेतृत्व वाला विकास केवल एक नारा नहीं, बल्कि भविष्य की दिशा तय करने वाला आधार

Dehradun Uttarakhand


देहरादून। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने आज सर्वे चौक स्थित आई.आर.डी.टी. सभागार में फिक्की एफ.एल.ओ द्वारा आयोजित फिक्की एफ.एल.ओ. सम्मलेन 2026 में प्रतिभाग किया। दो दिवसीय इस सम्मेलन की थीम “सशक्त बनाने की शक्ति” निर्धारित की गई है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल सशक्तिकरण, उद्यमिता विकास, सरकारी सहभागिता तथा सतत आजीविका के अवसरों से जोड़ना है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि महिला नेतृत्व वाला विकास केवल एक नारा नहीं, बल्कि भारत और विशेषकर उत्तराखंड की ग्रामीण एवं कृषि आधारित अर्थव्यवस्था के भविष्य की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के आजीविका संवर्धन एवं सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। आज स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हैं। मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि उत्तराखंड की महिलाएं उद्यमी बन रही हैं, स्वयं सहायता समूह चला रही हैं, एफपीओ और सहकारिताओं का नेतृत्व कर रही हैं तथा लोकल को ग्लोबल बनाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज आत्मनिर्भर ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि लखपति दीदी अभियान के माध्यम से महिलाएं न केवल अपनी आय बढ़ा रही हैं, बल्कि अपने बच्चों के भविष्य को भी सुरक्षित दिशा दे रही हैं। जैविक खेती, मिलेट्स, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, डेयरी एवं एग्री-प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में महिलाएं नेतृत्व कर रही हैं। यह केवल आजीविका नहीं, बल्कि आत्मसम्मान और निर्णय क्षमता का सशक्तिकरण है। कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि यदि महिला सशक्त होगी, तो परिवार सशक्त होगा; परिवार सशक्त होगा तो गांव सशक्त होगा और जब गांव सशक्त होगा, तब भारत आत्मनिर्भर बनेगा। उन्होंने इस परिवर्तन में फिक्की एफ.एल.ओ. जैसी संस्थाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। इस अवसर पर मंत्री जोशी ने फिक्की एफ.एल.ओ. संस्था के पदाधिकारियों को इस सार्थक पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए सम्मेलन की सफलता की कामना की। कार्यक्रम में फिक्की एफ.एल.ओ. की चेयरपर्सन डॉ. गीता खन्ना, अंकित कौर, जूही खन्ना, करिश्मा डिंगरा, रमा, नेहा शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।