हरिद्वार/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे (राहुल कुमार): श्रावण मास की कांवड़ यात्रा गुरुवार से शुरू हो गई। 26 जुलाई तक चलने वाली कांवड़ यात्रा में इस बार करीब चार करोड़ शिवभक्तों के आने की संभावना जताई जा रही है। शासन और प्रशासन ने इसी आधार पर व्यवस्थाएं की हैं। बाहरी प्रदेशों से कांवड़ियों का यहां पहुंचना दो-तीन दिन पहले शुरू हो गया था। गुरुवार को भी बड़ी संख्या में कांवड़िए बसों और ट्रेनों से यहां पहुंचे। यात्रा के शुरुआती दौर में अभी राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, दिल्ली एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कांवड़िए ही गंगाजल लेने आ रहे हैं। गुरुवार को शिवभक्तों ने हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर स्नान करके नए कपड़े पहने। इसके बाद कांवड़ की पूजा करके बोल बम के नारों के साथ अपने प्रदेशों के लिए रवाना हुए।
20 जुलाई से हाईवे पर सभी प्रकार के वाहन प्रतिबंधित हो जाएंगे। वहीं 14 से 20 जुलाई तक सुबह पांच बजे से 11 बजे तक भारी वाहन हाईवे पर नहीं चलेंगे। यातायात पुलिस ने कुछ आंशिक परिवर्तन के साथ बृहस्पतिवार को नया प्लान जारी किया है। दिल्ली से देहरादून-ऋषिकेश जाने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों को प्राथमिक तौर पर रामपुर तिराहे से देवबंद से गागलहेड़ी होते हुए छुटमलपुर बिहारीगढ़ से देहरादून और ऋषिकेश के लिए डायवर्ट किया जाएगा। हरिद्वार सीमा में प्रवेश कर चुके दिल्ली से देहरादून-ऋषिकेश जाने वाले छोटे बड़े वाहनों को कोवली से एनएच 344 से भगवानपुर से मंडावर, छुटमलपुर, बिहारीगढ़ से देहरादून और ऋषिकेश की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।


