Affiliate Disclosure: This article contains affiliate links. As an Amazon Associate we earn from qualifying purchases.

भारत ने जीता अंडर-19 एशिया कप 2021 का खिताब

Sports


दुबई। लेफ्ट आर्म स्पिनर विक्की ओस्तवाल की घातक गेंदबाजी और सलामी बल्लेबाज अंगक्रिश रघुवंशी के शानदार अर्धशतक की बदौलत भारत ने शुक्रवार को यहां वर्षा बाधित फाइनल मुकाबले में पड़ोसी श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में नौ विकेट से हरा कर अंडर-19 एशिया कप 2021 का खिताब जीत लिया। भारत का यह आठवां खिताब है। श्रीलंकाई टीम टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करते हुए बारिश के बाद निर्धारित 38 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 106 रन ही बना सकी। जवाब में भारत ने अंगक्रिश और शाइक राशिद के बीच 96 रनों की साझेदारी की बदौलत 21.3 ओवर में ही एक विकेट पर 104 रन बना कर मैच और खिताब जीत लिया। डीएलएस पद्धति के तहत लक्ष्य 102 रन कर दिया गया था। भारत और श्रीलंका के बीच अंडर-19 एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में यह पांचवीं भिड़ंत थी। दोनों टीमें इससे पहले 1989, 2003, 2016 और 2018 के फाइनल में आपस में भिड़ीं थी और इन सभी मैचों में भारत ने श्रीलंका को एकतरफा अंदाज में हराया था और आज भी भारत का यही अंदाज रहा।