यशपाल आर्य एवं संजीव आर्य पर हुआ हमला दर्शाता है कि कानून व्यवस्था को काबू करना भाजपा के बस में नहीं: देवेंद्र यादव

दिल्ली/देहरादून, बिग न्यूज़ टूडे: उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हुए हमले की कड़ी निंदा की हैं, उन्होंने कहा की बाजपुर में पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके पुत्र संजीव आर्य पर हुआ हमला भाजपा के असली चाल, चरित्र और आचरण को दर्शाता है। इस हमले की कांग्रेस पार्टी कड़ी निंदा करती है और प्रशासन से अपील करती है कि इसकी निष्पक्ष जांच कर हमला करने वालों को सज़ा दी जाए। ध्रुवीकरण और अवसरवाद की राजनीति करने वाली भाजपा को जब हार का डर सताने लगा है तो भाजपा अराजकता का सहारा ले रही है। उत्तराखंड में इस प्रकार का राजनीतिक और सामाजिक वातावरण नहीं है और यहां के लोग शांतिपूर्ण तरीके से जीवन जीते हैं। अराजकता और भीड़ की राजनीति, भाजपा की प्रवृत्ति है। कांग्रेस ने हमेशा जनता के हितों के लिए कार्य किया है। जनता ने भाजपा के झूठे वादों को नकार दिया है और भाजपा शासन में बढ़ी हुई महंगाई, बेरोजगारी के बाद जनता में रोष है। इसके बाद हार के भय से भाजपा नेताओं ने यह निंदनीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा की संजीव आर्य ने बताया है कि पुलिस की मौजूदगी में 20 लोगों के साथ भाजपा समर्थकों ने लाठी डंडों से हमला किया है। संजीव आर्य ने यह भी बताया है कि उनकी और उनके पिता की हत्या करने की कोशिश की गई। उत्तराखंड की जनता इस प्रकार के अतिवादी और कुंठित मानसिकता को नकारती है और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी इस घटना की कठोर शब्दों में निंदा करती है।
कांग्रेस प्रभारी देवेंद्र यादव ने कहा की सभी कांग्रेस के साथियों के साथ कल देहरादून में मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन में शामिल रहूंगा, कांग्रेस पार्टी यशपाल जी के साथ है और उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी साथी कल मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन कर इस घटना का विरोध करेंगे। पार्टी का हर एक कार्यकर्ता एंव जनता ऐसी तानाशाही के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास के बाहर धरना प्रदर्शन में शामिल होगी।